सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' स्तंभ पर पारंपरिक धार्मिक दीप न जलाए जाने से जुड़े विवाद में दायर अवमानना याचिकाओं और अन्य आवेदनों पर सुनवाई करेगा। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ के समक्ष वकीलों ने बताया कि इस मुद्दे पर कई अवमानना याचिकाएं और आवेदन दायर किए गए हैं।

तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को शीर्ष अदालत से माफी मांगते हुए दीप न जलाए जाने की जिम्मेदारी भगवान मुरुगन (सुब्रमण्यस्वामी) मंदिर के अधिकारियों पर डाली थी। शीर्ष अदालत ने स्वतः संज्ञान लेकर अवमानना कार्यवाही शुरू करने से इनकार किया था, लेकिन कहा था कि इस संबंध में याचिका दायर होने पर वह उस पर सुनवाई करेगी।

शीर्ष अदालत के निर्देश के बावजूद सोमवार को तिरुपरंकुंद्रम में वार्षिक कार्तिगई दीपम केवल उसके पारंपरिक स्थल उच्ची पिल्लैयार मंडपम में जलाया गया, पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर नहीं। याचिकाकर्ताओं के वकील ने अधिकारियों पर शीर्ष अदालत के निर्देशों का जानबूझकर पालन न करने का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेकर अवमानना कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया।

मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर से जुड़ा यह विवाद इस बात पर है कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश देते हुए 24 नवंबर को वार्षिक कार्तिगई दीपक कार्यक्रम के दौरान पहाड़ी के शिखर पर स्थित पत्थर के स्तंभ दीपथून पर शाम छह बजे एक बार दीप जलाने की इजाजत दी थी। हिंदू संगठनों ने दीपथून पर दीप जलाने की मांग की थी, जबकि दरगाह पक्ष ने पहाड़ी के शिखर का मालिकाना हक जताते हुए इसका विरोध किया था।