क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों ने दमदार वापसी की है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को टॉम लाथम और डेवोन कॉन्वे ने अच्छी शुरुआत दिलाई। पहले सत्र में तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही थी, लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने डटकर सामना किया। सत्र की आखिरी गेंद पर कॉन्वे आउट हुए। दूसरे सत्र में लाथम ने फिफ्टी पूरी की और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

न्यूजीलैंड का स्कोर 110 रन पर एक विकेट था, इसी स्कोर पर टीम ने तीन प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। 42वें ओवर की तीसरी गेंद पर टॉम लाथम आउट हुए। आकाश दीप की गेंद पर ऋषभ पंत ने उनका कैच लपका। लाथम ने 128 गेंदों पर 59 रन बनाए।

इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोलस को आउट कर दिया। निकोलस ने सीरीज के पहले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था। वह सिर्फ 16 रन ही बना सके।

न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज रचिन रविंद्र का खाता भी नहीं खुल सका। आकाश दीप ने अपने अगले ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें आउट किया। गेंद रचिन के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में चली गई। उन्होंने 9 गेंदों का सामना किया। इस तरह भारत को लगातार तीन ओवरों में तीन विकेट मिले और इस दौरान न्यूजीलैंड एक भी रन नहीं बना सकी।