हिमाचल प्रदेश सरकार 11 दिसंबर को हमीरपुर के सुजानपुर से 'अपना परिवार सुखी परिवार योजना' की शुरुआत करेगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के चार साल पूरे होने के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में पात्र परिवारों का चयन पहले ही कर लिया गया है। योजना के तहत गरीब परिवारों की 3.50 लाख चयनित महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही 300 यूनिट निश्शुल्क बिजली उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है।
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जारी अधिसूचना और दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकार इस योजना के जरिये दो साल के भीतर कमजोर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति में ठोस बदलाव लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। योजना में विभागों की जिम्मेदारियां सख्ती से तय की गई हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग नोडल विभाग के तौर पर सत्यापित लाभार्थी डेटाबेस तैयार कर साझा करेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत ईसोमसा द्वारा पात्र महिलाओं के आधार-संबद्ध बैंक खातों में डीबीटी के जरिये 1500 रुपये भेजे जाएंगे।
उपमंडल अधिकारी प्रत्येक लाभार्थी परिवार की जरूरत के हिसाब से हाउसहोल्ड डेवलपमेंट प्लान तैयार करवाएंगे और लागू करेंगे, जिसकी जिलास्तर पर उपायुक्त निगरानी करेंगे। पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया एमएमएपी पोर्टल के जरिये डिजिटल होगी, जिसमें हर बदलाव का स्थायी इलेक्ट्रॉनिक रिकार्ड और आडिट ट्रेल दर्ज रहेगा। योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए सोशल आडिट, निरीक्षण और तीसरे पक्ष से मूल्यांकन का रास्ता भी खुला रखा गया है।
यदि कोई महिला या परिवार गलत जानकारी, धोखाधड़ी या दोहरे लाभ के जरिये रकम लेता पाया गया, तो सुनवाई का अवसर देने के बाद वसूली के साथ-साथ कानूनी और विभागीय कार्रवाई तक की जा सकेगी। अब सबकी नजरें सुजानपुर के मंच पर टिकी हैं, जहां से सरकार इस योजना को जमीनी धरातल पर उतारने की शुरुआत करेगी।
