अदाणी पावर लिमिटेड ने भागलपुर के पीरपैंती में बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने के लिए बिहार सरकार से 400 एकड़ अतिरिक्त जमीन की मांग की है। कंपनी ने इस संबंध में सरकार को अपनी योजना और प्रस्ताव भेज दिया है।
पीरपैंती में बिहार का सबसे बड़ा बिजली घर बनाने जा रही अदाणी पावर लिमिटेड पहले से अधिग्रहित 1,060 एकड़ जमीन के अलावा 400 एकड़ और जमीन मांगी है। इस नई जमीन पर कंपनी बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री भी लगाएगी।
इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए 30 नवंबर को शाम पांच बजे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में बैठक बुलाई गई है। ऊर्जा विभाग के उप सचिव राज किशोर लाल ने 25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है। बैठक में भूमि की उपलब्धता, आवंटन और परियोजना के स्वरूप सहित अन्य पहलुओं पर चर्चा होगी।
बैठक में वित्त विभाग के प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव, विधि विभाग के सचिव-सह-विधि परामर्शी, भागलपुर के जिलाधिकारी और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया है। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि दी गई है। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता को प्रस्तावों पर प्रस्तुतीकरण तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर मंथन हो सके।
पीरपैंती में पहले चरण के तहत 800-800 मेगावाट की तीन इकाइयों यानी 2400 मेगावाट क्षमता की तापीय विद्युत परियोजना का निर्माण चल रहा है। दूसरे चरण में इतनी ही क्षमता की तीन नई इकाइयां जुड़ने से कुल उत्पादन 4800 मेगावाट हो जाएगा, जिसके अंतर्गत यह नया प्रस्ताव रखा गया है। बैठक के बाद ही आगे की प्रक्रिया और सरकार के निर्णय की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रस्ताव आगे बढ़ने पर पीरपैंती में बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बनेंगी।
