मुंगेर के बबुआ घाट पर शुक्रवार को एक महिला ने गंगा में छलांग लगा दी, जिसे घाट पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। डायल 112 की टीम महिला को सदर अस्पताल ले गई, जहां उसने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।

मुजफ्फरपुर जिले के चकिया गांव निवासी भाग्यलक्ष्मी के अनुसार, करीब छह माह पहले फरीदाबाद में उसकी मुलाकात हवेली खड़गपुर के रमनकाबाद निवासी छोटू मंडल से हुई थी। छोटू ने खुद को पत्नी से अलग बताया था। दोनों ने अपनी पारिवारिक स्थिति साझा की और नजदीकियां बढ़ीं, इसके बाद मंदिर में शादी कर साथ रहने लगे। महिला ने शादी की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की, तो छोटू की पहली पत्नी को इसकी जानकारी हो गई और विवाद शुरू हो गया।

महिला का आरोप है कि छोटू उसे दिल्ली में छोड़कर मुंगेर आ गया और बाद में उसे बुलाकर जमालपुर में किराये के मकान में रखा। उसका आरोप है कि गुरुवार को छोटू पहली पत्नी से मिलाने के बहाने उसे बरियारपुर स्टेशन ले गया, जहां प्रेम साबित करने के लिए आंखों में दूध डालने की चुनौती दी। ऐसा करने पर उसकी आंखों में तेज जलन और दर्द होने लगा। इसके बाद छोटू उसे छोड़कर दिल्ली चला गया।

महिला का यह भी आरोप है कि उसके नाम पर एक लाख रुपये से अधिक कर्ज लिया गया है। कर्जदारों के डर और प्रेमी की बेरुखी से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।