फरीदाबाद की एक अदालत ने साइबर ठगी के आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। मामला जोमैटो रिफंड के नाम पर 46 हजार रुपये की ठगी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, जिस बैंक खाते के जरिए यह रकम भेजी गई, उसके खिलाफ देशभर में 502 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं और उस खाते में कुल 61.27 करोड़ रुपये का लेनदेन पाया गया है।

फरीदाबाद। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता की अदालत ने आरोपी शुभम भाटी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। यह मामला फरीदाबाद साइबर क्राइम थाना एनआईटी में दर्ज 46 हजार रुपये की साइबर ठगी से जुड़ा है। शिकमतकर्ता गायत्री यादव ने जोमैटो से खाना ऑर्डर किया था, जो रद हो गया। रिफंड के लिए उन्होंने गूगल पर जोमैटो का नंबर तलाश कर फोन किया। फोन करने वाले ने उन्हें वाट्सएप पर संपर्क करने को कहा और एक लिंक भेजकर जानकारी भरने के लिए कहा। लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और पंजाब नेशनल बैंक खाते से 46 हजार रुपये निकल गए।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम पहले बैंक ऑफ इंडिया, फिर रत्नाकर बैंक और उसके बाद आरबीएल बैंक के खाते में पहुंची। यह आरबीएल बैंक खाता इश्पुजानी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर था। पुलिस के अनुसार, शुभम भाटी और सह आरोपी दीपक सैनी इस कंपनी के निदेशक हैं। कंपनी के बैंक खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी शुभम के नाम पर जारी सिम से जुड़ा मिला। पुलिस ने शुभम भाटी को गिरफ्तार कर लिया और अदालत को बताया कि इस खाते के खिलाफ देशभर से 502 शिकायतें मिली हैं और इसमें कुल 61.27 करोड़ रुपये आए हैं।

शुभम के वकील ने दलील दी कि वह 18 सितंबर से न्यायिक हिरासत में है, उसके खिलाफ चालान पेश हो चुका है और अब कोई बरामदगी बाकी नहीं है। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि घटना के समय शुभम कंपनी का निदेशक नहीं था। अभियोजन पक्ष ने जीएसटी विभाग से मिली जानकारी और बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर का हवाला देते हुए इन दलीलों का विरोध किया। अदालत ने आरोपों की गंभीरता, 502 शिकायतों और दोबारा इसी तरह के अपराध की आशंका को देखते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी।