सहरसा की जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय (चतुर्थ) ने अपहरण के एक मामले में आरोपी युवक को अग्रिम जमानत दे दी है। जमानत के साथ न्यायालय ने आरोपी पर सामाजिक दायित्व भी तय किए हैं। 25 नवंबर 2026 को पारित आदेश के अनुसार, आरोपी को अगले छह महीने तक अपने गांव के 20 बच्चों को प्रतिदिन तीन घंटे मुफ्त शिक्षा देनी होगी। इनमें कम से कम 10 बच्चे बीपीएल श्रेणी के परिवारों से होने चाहिए। बच्चों को सप्ताह में पांच दिन पढ़ाना होगा और हर महीने अभिभावकों से पढ़ाई का प्रमाणपत्र लेकर न्यायालय में जमा करना होगा। छह महीने पूरे होने पर मुखिया, सरपंच अथवा वार्ड पार्षद से भी प्रमाणपत्र लेना होगा। इसके अलावा आरोपी को रेडक्रॉस सोसाइटी, सहरसा में रक्तदान कर उसका प्रमाणपत्र न्यायालय में प्रस्तुत करना होगा।
मामला सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 222/2026 से जुड़ा है। इस मामले में सिमरन कुमार उर्फ अश्वनी राज की ओर से अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई थी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, सूचक रंजीत शर्मा ने आरोप लगाया था कि 14 जुलाई 2026 की रात करीब आठ बजे उनकी पुत्री शौच के लिए गई थी, इसी दौरान आरोपित उसे जबरन अपने साथ ले गया। सूचक ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे आरोपित के घर पूछताछ के लिए पहुंचे तो उसके माता-पिता ने धमकी दी और दुर्व्यवहार किया।
वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि युवती बालिग है और उसके जन्म की तारीख 11 मई 2008 है। न्यायालय में रखे गए पक्ष के अनुसार, युवती ने धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज अपने बयान में कहा है कि वह अपनी इच्छा से आरोपित के साथ गई थी और उससे शादी कर ली थी। अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध किया, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि युवती ने अपने बयान में आरोपित के विरुद्ध कोई आपत्तिजनक या आरोप पुष्ट करने वाली बात नहीं कही है।
न्यायालय ने युवती के बयान और उसके बालिग होने के तथ्य पर विचार करते हुए आरोपित को गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण की स्थिति में चार सप्ताह के भीतर संबंधित न्यायालय में दो जमानतदारों के साथ 10-10 हजार रुपये के बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। इन शर्तों के साथ न्यायालय ने अग्रिम जमानत याचिका का निष्पादन कर दिया।
