भोपाल केंद्रीय जेल के प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने जेल में पदस्थ 58 वर्षीय महिला प्रहरी से अश्लील बातें कीं और उसे जबरन टायलेट में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। महिला प्रहरी के मुताबिक, वह रात्रि गश्त पर थी, इसी दौरान जेलर मरावी से मुलाकात हुई।

घटना के बाद महिला प्रहरी ने खुद को अस्वस्थ बताकर बीपी बढ़ने का हवाला दिया और ड्यूटी से घर जाने की अनुमति ली। जेल से निकलने के बाद वह घर जाने के बजाय सीधे गांधीनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनका बयान दर्ज करते हुए वीडियोग्राफी की और मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपित की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, महिला प्रहरी पूर्व में जेल के चार अधिकारियों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की शिकायतें कर चुकी है। शिकायत के बाद पुलिस ने जेल परिसर में घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जेल प्रबंधन से ड्यूटी चार्ट भी मांगा गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय आसपास अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर थे, लेकिन किसी ने इसकी जानकारी होने से इनकार किया है।

मरावी इससे पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक थे और अगस्त 2024 से भोपाल केंद्रीय जेल में कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर स्पेशल जेल एडीजी जी. अखेतो सेमा भी जेल पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। जेल प्रशासन ने विभागीय जांच की बात कही है। जेल अधीक्षक मानेंद्र सिंह परिहार के अनुसार, महिला प्रहरी वर्ष 2004 से जेल में पदस्थ है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले वह जेल में तंबाकू के चार पैकेट ले जाते पकड़ी गई थी, जिस पर जेलर मरावी ने कार्रवाई की थी और उसे निलंबित किया गया था। दो माह पूर्व वह बहाल की गई है। इस मामले की जांच चल रही है, जिसमें मरावी गवाह भी हैं।