आगरा के थाना ट्रांस, यमुना क्षेत्र के विकास नगर, शाहदरा में शादी समारोह से लौट रही बारात पर घात लगाकर हमला किया गया। आरोप है कि शादी में हुई मामूली कहासुनी को रंजिश मानकर हमलावरों ने बारातियों पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला बोल दिया। घटना में छत्रपाल, लोकेश, गौरव और योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, विकास नगर, शाहदरा से बरात टप्पल के लिए गई थी। शादी समारोह के दौरान दूल्हे के चाचा मोहन सिंह और दूल्हे के भाई योगेश की पवन पुत्र निरंजन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मौके पर मौजूद बाराती छत्रपाल ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि इसी कहासुनी को रंजिश मानते हुए पवन ने अपने पिता निरंजन और अन्य रिश्तेदारों को फोन कर बुला लिया। रविवार सुबह करीब चार बजे जब बरात वापस विकास नगर, शाहदरा पहुंची, तो भगेल डेयरी के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने बरातियों को घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की सरियों से हमला कर दिया। घायल लोकेश के मुताबिक, निरंजन, टिंकू, पवन, बंटी समेत अन्य अज्ञात लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी शिकायत पत्र नहीं मिला है, मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।
