पंजाबी शादियों में भांगड़ा और गिद्दा के अलावा सिठणियां नाम के लोकगीत भी मनोरंजन का एक अहम हिस्सा हैं। इन गीतों में हंसी-मजाक और बारातियों को चिढ़ाने का अनोखा अंदाज देखने को मिलता है। महिलाएं इनके जरिए अपने समधियों को चुटकियों में ताना सुनाती हैं, जिससे शादी का माहौल हल्का-फुल्का बना रहता है। इसी तरह के गीतों को उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में गारी गीत कहा जाता है।
सिठणियों की खास बात इनका टप्पे वाली शैली में गाया जाना है, यानी कम शब्दों में ज्यादा बात कही जाती है और हाजिरजवाबी का तड़का भी होता है। इन्हीं में पंजाब का एक मशहूर लोकगीत ‘साडी गली आ माहिया’ भी शामिल है। इसके बोल चुटीले हैं, जिनमें पहले मक्के की रोटी के स्वाद का जिक्र होता है और फिर माहिया को मजा चखाने की बात आती है।
गीत की पंक्तियों में प्रेमी द्वारा प्रेमिका को छड़ी से डराने का जिक्र है, जिसका बदला लेते हुए प्रेमिका उसे मजा चखाने की बात कहती है। इसी तरह गीत की अगली पंक्तियों में अम्मा को बेचने जैसी चुटकी ली जाती है, जिसे सुनकर सोचने पर मजबूर होना पड़ता है कि ऐसा भी कहा जा सकता है। कभी बहन तो कभी भाभी जैसे किरदारों को जोड़कर गीत को आगे बढ़ाया जाता है और माहौल को हल्का बनाया जाता है।
