ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत 10 से अधिक आवासीय सेक्टरों में पार्कों और हरित क्षेत्रों के रखरखाव के लिए एजेंसियों का चयन किया गया है। एसीईओ सुमित यादव के अनुसार, जिन इलाकों में लंबे समय से हरियाली के रखरखाव का काम रुका हुआ था, वहां काम शुरू करा दिया गया है।

उद्यान विभाग के सेक्टर ज्यू-1, 2, नालेज पार्क-2, 3, बिल्डर्स एरिया, चाइ-3, ओमेगा-1, स्वर्णनगरी, सिग्मा-1 और अल्फा सहित आवासीय सेक्टरों में लगभग एक साल बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन किया गया है। इन सेक्टरों में पार्कों और हरित क्षेत्रों के रखरखाव का काम शुरू हो गया है। एजेंसी का चयन दो साल के लिए किया गया है और इस पर 18 से 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

प्राधिकरण ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से सभी सेक्टरों को हरा-भरा बनाया जाएगा। इसमें नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट का इलाका भी शामिल है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। सेक्टरों के साथ-साथ शहर के प्रवेशद्वारों और उसके आसपास के इलाकों को भी सुंदर बनाया जाएगा, तथा मुख्य मार्गों और सड़कों के किनारे हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पिछले एक साल से अधिक समय से निविदा न होने के कारण काम कराने में दिक्कत आ रही थी, जिसका सीधा असर हरियाली पर पड़ रहा था। पार्कों में घास सूख रही थी, पौधों की देखभाल नहीं हो पा रही थी और हरित पट्टियों की हालत खराब हो रही थी। प्राधिकरण को उम्मीद है कि नई एजेंसी के आने से इसमें सुधार होगा।