आगरा में फ्लिपकार्ट वेयरहाउस के जरिए डिलीवरी के लिए भेजे गए 550 जूतों के डिब्बों में नए की जगह पुराने और फटे जूते मिलने का मामला सामने आया है। ई-कॉमर्स सेलर एसोसिएशन की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है, जिसमें कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का आरोप है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश पचौरी के अनुसार मोहनपुरा निवासी गौरव गुप्ता की फर्म आरके एंटरप्राइजेज और नव्या इंटरनेशनल से 16 नवंबर को फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में डिलीवरी के लिए 550 जूतों के डिब्बे वाहन से भेजे गए थे। इन्हें कंपनी के कर्मचारी रामसेवक और देवेश बाबू ने पिकअप किया था। बाद में डिब्बों की जांच में नए जूतों की जगह पुराने और फटे जूते मिले।
सूचना पर सतीश पचौरी सौरभ अग्रवाल, सौरभ शर्मा, सौरभ शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर माल और फोटो-वीडियो देखे। वाहन और डिब्बे मौके पर मिले, लेकिन दोनों कर्मचारी वहां मौजूद नहीं थे।
आरोप है कि कर्मचारी कंपनी से जुड़े छोटे विक्रेताओं को इस तरह नुकसान पहुंचाकर निजी लाभ कमा रहे हैं। रामसेवक और देवेश बाबू के अलावा रामनिवास और पुष्पेंद्र कुमार की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है। यह भी आरोप लगाया गया कि फ्लिपकार्ट आगरा हब के अधिकारियों को घटना की जानकारी थी, फिर भी पुलिस को सूचना नहीं दी गई। पीड़ितों ने हब के सीसीटीवी फुटेज, पिकअप और डिलीवरी रिकॉर्ड तथा वाहन की गतिविधियों की जांच और नए जूतों की बरामदगी व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी आदित्य सिंह ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
