आगरा में पति पर अन्य महिला से संबंध होने के शक में उसकी जासूसी करते हुए पत्नी उसके कार्यालय पहुंच गई। बुधवार देर रात दोनों के बीच विवाद के बाद महिला ने हाईवे पर जान देने का प्रयास किया। वाटर वर्क्स के पास उसने पहले एक कार के आगे कूदने की कोशिश की, लेकिन चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए। इसके बाद वह फ्लाईओवर पर चढ़ गई और यमुना नदी में छलांग लगाने का प्रयास करने लगी।

बल्केश्वर चौकी प्रभारी रिक्की पूनिया की नजर उस पर पड़ी और उनके शोर मचाने पर राहगीर योगेश ने तत्परता दिखाते हुए महिला की ओर दौड़ लगाई। महिला का सूट उसके हाथों में आ गया। दारोगा और राहगीरों ने महिला को रेलिंग से नीचे उतारकर चौकी पहुंचाया।

चौकी में महिला पति पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए लगातार रोती रही। महिला पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे तक उसकी काउंसलिंग की। आधी रात को पति और परिवार के लोग महिला के छह वर्ष के बेटे को लेकर चौकी पहुंचे।

थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि काउंसलिंग के बाद महिला परिवार के साथ जाने को राजी हो गई। एटा के जलेसर की रहने वाली महिला का पति संजय प्लेस में एक कंपनी में कर्मचारी है।