रांची के डोरंडा स्थित जैप वन परिसर में शुक्रवार को चार दिवसीय 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ हुआ। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने इसका उद्घाटन किया। सीआईडी के अधीन आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सभी रेंज की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 80 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मी अपनी कार्यकुशलता का प्रदर्शन करेंगे। मीट 30 नवंबर तक चलेगी।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और फारेंसिक साक्ष्यों के इस्तेमाल में दक्ष बनाना है, ताकि अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाकर उन्हें अदालत से सजा दिलाई जा सके। मीट में कुल 12 प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें फारेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा, अपराध अनुसंधान, कंप्यूटर जागरूकता, फोटोग्राफी, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाना और उनकी पैकिंग, डॉग स्क्वायड, एक्सप्लोसिव ट्रैकर तथा फिंगरप्रिंट से जुड़ी व्यावहारिक और मौखिक परीक्षाएं शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि बेहतर अनुसंधान से ही अपराधियों को सजा दिलाई जा सकती है और पुलिस इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध, मानव तस्करी, महिला एवं बाल अपराध तथा मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से निपटने में जांच में तकनीक और फारेंसिक साक्ष्यों का उपयोग बढ़ाया गया है। डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक राज्य में 11,689 साइबर अपराध के मामले दर्ज हुए और 8,113 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए। साइबर ठगी में इस्तेमाल 48,312 मोबाइल नंबर और 9,350 आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराए गए हैं तथा हेल्पलाइन नंबर 1930 चौबीसों घंटे सक्रिय है। उन्होंने बताया कि मानव तस्करी के मामलों में 139 महिलाओं और बच्चों को बचाया गया, जबकि पॉक्सो व महिला अपराध से जुड़े 2,746 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई और 262 मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई। इस वर्ष करीब 4,620 एकड़ जमीन पर की गई अफीम की अवैध खेती नष्ट की गई और 48 तस्कर गिरफ्तार किए गए।

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली पुलिस ड्यूटी मीट के लिए किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में पहले तीन स्थान पर आने वाली टीमों को मिलाकर राज्य की टीम तैयार की जाएगी, जो राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड पुलिस का प्रतिनिधित्व करेगी। उद्घाटन समारोह में एडीजी जैप सह एसीबी प्रिया दुबे, एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक, आईजी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, आईजी मानवाधिकार पंकज कंबोज, आईजी प्रोविजन मयूर पटेल कन्हैयालाल, आईजी जैप सुनील भास्कर, डीआईजी एसीबी शैलेंद्र वर्णवाल, एसपी विशेष शाखा सौरभ, एसएसपी रांची राकेश रंजन और एसपी दीपक पांडेय आदि मौजूद थे।