उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों की संस्कृति, खानपान और बोली में अंतर होने के बावजूद एक लोकगीत ऐसा है जो दोनों क्षेत्रों को आपस में जोड़ता है। यह गीत है 'बेडू पाको बारामासा', जो शादी-ब्याह और खास अवसरों की जान है और पहाड़ी संस्कृति की पहचान माना जाता है। इसकी धुन ऐसी है कि गढ़वाली और कुमाऊंनी लोग इस पर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाते।

'बेडू पाको बारामासा' कुमाऊंनी भाषा का लोकगीत है, जिसके बोल स्व. बृजेन्द्र लाल साह ने लिखे थे और इसे आवाज लोकगायक मोहन उप्रेती ने दी है। इस गीत के बोल किसी एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की खूबसूरती का बखान करते हैं। इसे देवभूमि की पहचान का प्रतीक कहे जाने में कोई दो राय नहीं है।

गीत की पहली पंक्ति में पहाड़ी फलों का जिक्र है। 'बेडू पाको बारो मासा, नरैण काफल पाको चैत मेरी छैला' यानी बेडू यानी जंगली अंजीर साल के बारह महीने पकता है और काफल चैत के महीने का फल है। अगली पंक्ति 'रुणा भूणा दिन आया, नरैण को जा मेरी मैता, मेरी छैला' के जरिए पहाड़ी लोगों के जीवन का बखान किया गया है। अंजीर का सालभर पकना जिंदगी के चलते रहने का प्रतीक है, तो चैत का महीना मायके से मिलन की बात करता है। यह वही महीना है जब गढ़वाल और कुमाऊं में भिटोली यानी बेटियों को मायके भेजने का पर्व मनाया जाता है।

गीत में 'अल्मोड़े की नंदा देवी, नरैण फुल चढ़ूनी पाती, मेरी छैला' पंक्ति के जरिए देवभूमि की अपने ईश्वर के प्रति गहरी आस्था दिखती है। इसमें अल्मोड़ा की मां नंदा देवी का जिक्र है, जिन्हें गढ़वाल और कुमाऊं में कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। इसके बाद झीलों की नगरी नैनीताल की नंदा देवी को याद किया जाता है। अल्मोड़ा को कुमाऊं की सांस्कृतिक राजधानी कहा जाता है, जहां कभी कत्यूरी और चंद्र वंश का शासन रहा। गीत में अल्मोड़ा के ऐतिहासिक लाल बाजार का भी जिक्र है। 'अल्मोड़े की लाल बजारा, नरैण पाथरे की सीणी मेरी छैला' पंक्ति बाजार के पहाड़ी ढलान पर बसने और सीढ़ीनुमा पत्थर की वास्तुकला का बखान करती है।