शिक्षानगरी रुड़की में दिन और रात का तापमान गिरने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। रात का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कुछ दिनों से धूप की चमक हल्की होने के साथ बीच-बीच में हवा चल रही है, जिससे दिन में भी ठंड का असर महसूस हो रहा है। सुबह के समय छाने वाला कोहरा दृश्यता कम कर रहा है, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
नवंबर के दूसरे पखवाड़े के अंतिम दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। अब सुबह-शाम के अलावा दिन में भी मौसम ठंडा हो गया है। इसके चलते लोगों ने खान-पान और पहनावे में बदलाव करना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम सैर पर जाने वाले लोगों के अलावा दोपहर में भी कई लोग गर्म कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं।
मौसम बदलने के साथ बाजारों में गर्म कपड़ों की बिक्री शुरू हो गई है। शहर के मेन बाजार, बीटी गंज, सिविल लाइंस सहित अन्य बाजारों में दुकानदारों ने गर्म कपड़ों का स्टॉक मंगा लिया है और लोग खरीदारी कर रहे हैं।
शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की परिसर स्थित कृषि-मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में दो दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा।
