कटक जिले के बारंग थाना क्षेत्र स्थित रामदासपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक कार में भीषण आग लग गई। आग के कारण कार में सवार एक व्यक्ति बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। घटना में कार का अधिकांश हिस्सा भी जलकर नष्ट हो गया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, रामदासपुर औद्योगिक क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के पास स्थानीय लोगों ने एक कार को आग की लपटों में घिरा देखा। कार के अंदर एक व्यक्ति मौजूद था, जो आग की चपेट में आने से बाहर नहीं निकल सका। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर बारंग दमकल विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और उसमें सवार व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।

फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ ही घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वैज्ञानिक जांच दल घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगा। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।