भोपाल: मध्य प्रदेश में तबादले, पदमुक्ति और सेवानिवृत्ति के बाद भी सरकारी आवास खाली न करने वाले नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ संपदा संचालनालय ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर दांडिक दर से किराया वसूलने की प्रक्रिया चल रही है। सूची में पूर्व DGP सुधीर कुमार सक्सेना से लेकर कई पूर्व मंत्रियों तक के नाम शामिल हैं। कुछ मामलों में तय अवधि बीतने के बाद भी बंगले पर कब्जा बना रहा, तो किसी के पास एक से अधिक सरकारी आवास होने की जानकारी सामने आई है।
सूची के मुताबिक, 30 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त हुए पूर्व DGP सुधीर कुमार सक्सेना ने चार इमली स्थित बी-18 बंगला खाली नहीं किया, जिस पर उनसे 11 लाख 58 हजार रुपये की वसूली निकाली गई है। रीवा के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत को 24 मार्च 2025 से 23 सितंबर 2025 तक आवास में रहने की अनुमति मिली थी, लेकिन अवधि खत्म होने पर बंगला खाली न करने पर उनसे 5 लाख 78 हजार 400 रुपये की वसूली की जा रही है। जबलपुर के संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया से 5 लाख 50 हजार 800 रुपये की वसूली निकाली गई है।
सूची में डॉ. इच्छित गढ़पाले, आईजी राकेश गुप्ता, आईपीएस आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरपी पटेल और उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार मर्सकोले के नाम भी हैं। इनके अलावा लोकायुक्त संगठन में पदस्थ रहे मुख्य अभियंता एनएस जौहरी, सेवानिवृत्त प्रमुख अभियंता केके सोनगरिया, प्राध्यापक डॉ. रेखा शर्मा और मंजू जैन भी सूची में शामिल हैं।
कार्रवाई के दायरे में कुछ पूर्व मंत्री भी आए हैं। अपर मुख्य सचिव अनिरुद्ध मुखर्जी के पास भोपाल में दो सरकारी बंगले होने की जानकारी सामने आई है। वहीं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, मीना सिंह, अरविंद भदौरिया, डॉ. प्रभुराम चौधरी और डॉ. कृष्णपाल सिंह यादव के खिलाफ भी वसूली निकाली गई है। संपदा संचालनालय की ओर से ऐसे लोगों को आवास खाली करने और बकाया राशि जमा करने के लिए नोटिस दिए जा रहे हैं।
