मुजफ्फरपुर के रामपुरहरि थाना क्षेत्र के कोईला स्थान गांव में 22 वर्षीय विवाहिता काजल कुमारी का शव कमरे में बेड पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। गले पर निशान भी मिले हैं। मृतका अर्जुन राय की पत्नी थी और उसका छह महीने का एक बेटा है। घटना के बाद पति घर छोड़कर फरार हो गया, जबकि सास ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार को घर में पंखे से लटके होने की बात सामने आई थी, लेकिन शव देखने पर वह कमरे में बेड पर पड़ा था और गले पर निशान थे। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। काजल का मायका अहियापुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव में है और वह राजद किशोर राय की पुत्री थी।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर काजल को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। काजल की शादी दो वर्ष पहले अर्जुन राय से हुई थी।

मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद छह महीने के मासूम बेटे के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में मातम पसरा है।