इंटरनेट की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता सामने आ रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, एआई ने गणित के दशकों पुराने और बेहद मुश्किल सवालों को हल करने में सफलता हासिल की है। अगर ऐसा है, तो बैंक खातों, निजी ईमेल और सरकारी खातों को सुरक्षित रखने वाला एन्क्रिप्शन समय से पहले खतरे में पड़ सकता है। द गार्जियन की एक रिपोर्ट के अनुसार कुछ एआई कंपनियां क्रिप्टोग्राफी से जुड़ी ऐसी खोजें कर चुकी हैं, जो बैंकों और सरकारी संस्थाओं की सुरक्षा को हिला सकती हैं। थ्योरिटिकल कंप्यूटर रिसर्चर स्कॉट आरोनसन का कहना है कि पुख्ता संकेत मिल रहे हैं कि एआई ने एन्क्रिप्शन तोड़ने में सक्षम पुराने सवालों को हल कर लिया है। उन्होंने भरोसेमंद सूत्रों के हवाले से कहा कि एआई लैब्स ऐसी कई खोजें कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें दुनिया के सामने नहीं लाया गया है।
आज की डिजिटल दुनिया पब्लिक-की क्रिप्टोग्राफी और आरएसए एन्क्रिप्शन पर टिकी है। आसान भाषा में, पूरा डिजिटल सिस्टम दो बेहद बड़े नंबरों को गुणा करके बनाए गए एक डिजिटल ताले पर काम करता है। इन नंबरों को गुणा करना आसान होता है, लेकिन उल्टी गिनती करके मूल संख्याओं का पता लगाना साधारण कंप्यूटरों के लिए नामुमकिन माना जाता है। इसी मुश्किल गणित पर बैंकिंग और अन्य वेबसाइट्स की सुरक्षा टिकी है। रिपोर्टों के मुताबिक एआई ने ऐसे एल्गोरिदम खोज लिए हैं, जो इन मुश्किल सवालों को तेजी से हल कर सकते हैं।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि कल ही हर पासवर्ड या बैंक खाता हैक हो जाएगा। कंप्यूटर साइंस की दुनिया में इस बात पर शोध चल रहा है कि जिन मुश्किल सवालों के जवाब आसानी से पता लगाए जा सकते हैं, क्या उन्हें उतनी तेजी से हल भी किया जा सकता है। ओपनएआई से लेकर एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं, लेकिन किसी ने इंटरनेट के सुरक्षा ताले को तोड़ने का दावा नहीं किया है। इसी वजह से सरकारें भविष्य में क्वांटम कंप्यूटर से होने वाले खतरों के लिए 2032 तक नए और ज्यादा मजबूत नियम तैयार कर रही हैं।
फिर भी, सरे यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर एलन वुडवर्ड ने चेताया है कि जो कंपनियां और बैंक समय रहते अपनी सुरक्षा व्यवस्था को अपडेट नहीं करेंगे, वे आने वाले समय में बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं।
