सर्दियों में सुबह कार स्टार्ट न होना एक आम समस्या है। ठंड के कारण बैटरी की पावर घट जाती है, इंजन ऑयल गाढ़ा हो जाता है और फ्यूल सप्लाई तथा इग्निशन पर भी असर पड़ता है। अक्सर लोग इसके लिए बैटरी को जिम्मेदार मानते हैं, लेकिन कई मामलों में इसके पीछे अन्य कारण भी होते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ठंड में बैटरी के अंदर होने वाला कैमिकल रिएक्शन धीमा पड़ जाता है, जिससे इंजन स्टार्ट करने के लिए जरूरी करंट नहीं मिल पाता। साथ ही इंजन ऑयल गाढ़ा होने से इंजन घुमाने में ज्यादा ताकत लगती है, जिसे पुरानी बैटरी नहीं झेल पाती। इसके अलावा बैटरी टर्मिनल पर जंग या ढीला कनेक्शन, गलत ग्रेड का गाढ़ा इंजन ऑयल और डीजल कारों में ग्लो प्लग की खराबी भी स्टार्टिंग की समस्या का कारण बन सकते हैं।

बैटरी की जांच कराएं और अगर वह पुरानी है या जल्दी डिस्चार्ज हो जाती है तो उसे बदल दें। आपात स्थिति में जंप-स्टार्टर की मदद ली जा सकती है। बैटरी टर्मिनल पर जंग और ढीले क्लैंप तथा केबल को साफ करके अच्छी तरह कस दें। जंग बार-बार आने पर बैटरी और चार्जिंग कनेक्शन की जांच कराएं।

इंजन ऑयल के मामले में कंपनी द्वारा बताए गए सही ग्रेड का ही तेल इस्तेमाल करें और बिना मैनुअल देखे अपनी मर्जी से तेल न डालें। डीजल कार में ग्लो-प्लग वॉर्निंग लाइट होने पर उसके बुझने का इंतजार करें। समस्या बनी रहने पर ग्लो प्लग, रिले और इलेक्ट्रिकल सर्किट की जांच कराएं।