आधुनिक विज्ञान ने परमाणु विखंडन तक पहुंचकर यह स्थापित किया है कि पदार्थ की कोई स्वतंत्र सत्ता नहीं है और वह ऊर्जा का घनीभूत रूप है। क्वांटम सिद्धांत के अनुसार ऊर्जा स्थिर और गतिशील दोनों है तथा वह पदार्थ और तरंग दोनों के रूप में देखी जाती है। आध्यात्मिक ज्ञान इससे भी ऊपर की स्थिति की बात करता है। यदि विज्ञान भविष्य में उस स्थिति तक पहुंचता है तो यह आध्यात्मिक धारणाओं की पुष्टि करने वाली महान उपलब्धि होगी।

अध्यात्मिक विज्ञान मूलतः चेतना का विज्ञान है, जो समूचे जगत को एक ही सत्ता के रूप में स्वीकार करता है। अद्वैत दर्शन प्रकृति और पुरुष को भी किसी एक परमतत्व की अभिव्यक्ति मानता है, जो इन दोनों का पूर्व रूप है। वह तत्व न शून्य है न पूर्ण, न विद्या है न अविद्या, न प्रकाश है न अंधकार, न आत्मा है न अनात्मा, न भाव है न अभाव, न सगुण है न निर्गुण, न दूर है न समीप। वह एक ही अद्वितीय है और उसकी तुलना करने योग्य कोई अन्य नहीं है।

परब्रह्म के विषय में मानव बुद्धि से स्पष्ट कुछ नहीं कहा जा सकता और उसे कोई नाम भी नहीं दिया जा सकता। वेदांतवादियों ने उसे ब्रह्म कहा है। यही ब्रह्म समस्त जड़ और चेतन जगत का आधार है। यह तत्व इतना सूक्ष्म है कि बुद्धि और इंद्रियों से ग्राह्य नहीं है, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि वह कैसा है। उसे न नाम दिया जा सकता है और न प्रमाणों से सिद्ध किया जा सकता है। उसका ज्ञान समाधि अवस्था में सूक्ष्म बुद्धि द्वारा स्वानुभूति से ही प्राप्त किया जा सकता है।

परब्रह्म का प्रथम साकार रूप ब्रह्म है और उसी से जगत रचना की प्रक्रिया आरंभ होती है, इसलिए ब्रह्म को ही जगत की उत्पत्ति का कारण माना जाता है। इन तत्वों को समझना आम आदमी के लिए कठिन है, परंतु बार-बार मंथन करने पर अंतरात्मा इस सच को देख पाती है। बाहर की दुनिया इंद्रियों से और भीतर की दुनिया आत्मा तथा चेतना से जानी जाती है।