देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। पूर्ण साक्षरता से लेकर आधुनिक और तकनीकी शिक्षा तक प्रदेश लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 में उत्तराखंड को देश का पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जाना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को धरातल पर उतारने में भी राज्य अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
शिक्षा मंत्री के अनुसार, प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। इसके तहत 500 सरकारी स्कूल डिजिटल स्टूडियो से जुड़ चुके हैं। स्कूली और उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बढ़ावा दिया जा रहा है। दून विश्वविद्यालय और आईआईटी मद्रास के सहयोग से 'एआई फॉर ऑल' पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। सरकारी स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय और 281 पीएम श्री स्कूल भी विकसित किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उच्च शिक्षा में अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना से अब तक 20 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिला है, जबकि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 21,743 विद्यार्थियों को 17.67 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।
वर्ष 2024-25 में प्रदेश में डिग्री कॉलेजों की संख्या बढ़कर 139 और सरकारी एवं निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 52 हो गई है।
