दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षकों को घर बैठे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) में दक्ष बनाने के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में ‘एआई लिटरेसी फॉर टीचर’ पायलट परियोजना शुरू की गई है। यह प्रशिक्षण हिंदी, अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में दिया जा रहा है। एक महीने में 200 मास्टर ट्रेनर ने करीब चार हजार शिक्षकों को एआई का प्रशिक्षण दिया है। अगले चरण में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू कश्मीर के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
स्कूली शिक्षकों के लिए यह प्रशिक्षण दो तरह से चलेगा। मास्टर ट्रेनर स्कूलों में जाकर प्रशिक्षण देंगे, जबकि दूसरा विकल्प एनसीईआरटी के दीक्षा एप पर ऑनलाइन प्रशिक्षण का है। आईआईटी मद्रास के बोधन एआई के मुख्य परिचालन अधिकारी कार्तिक महादेवन मोहनकृष्णन ने बताया कि एआई शिक्षकों की क्षमता बढ़ाएगा, उनकी जगह नहीं लेगा। इसका लक्ष्य अगले 12 से 18 महीनों में 10 लाख से अधिक शिक्षकों को एआई के उपयोग में दक्ष बनाना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, एनसीईआरटी, लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन और विद्या शक्ति इस पहल में सहयोग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण से शिक्षकों को पाठ योजना तैयार करने और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में मदद मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को व्यक्तिगत प्रतिपुष्टि देने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने में सहायता होगी। एआई के जरिए शिक्षक हर बच्चे की क्षमता के आधार पर अलग-अलग तरीके से पढ़ाई में मदद कर पाएंगे। छात्रों को उनकी जरूरत के अनुसार अलग होमवर्क और सरल भाषा में सामग्री मिल सकेगी। शिक्षकों के नियमित प्रशासनिक कार्य भी आसान होंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन चरणों में तैयार किया गया है, जिसमें एआई की जानकारी, शिक्षा में इसका प्रयोग और छात्रों के डेटा की गोपनीयता बनाए रखना शामिल है। व्यावहारिक प्रशिक्षण में शिक्षक पाठ योजनाएं, अध्ययन सामग्री और प्रश्नपत्र तैयार करना सीखेंगे। बोधन एआई मंच पाठ निर्माण, वाक् पहचान और ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (ओसीआर) जैसी सुविधाएं देता है। यह पाठ्यक्रम 22 भारतीय भाषाओं में तैयार हो रहा है, जिनमें से 12 भाषाओं में छह मॉड्यूल उपलब्ध हैं।
