अंबेडकरनगर के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला लग्जरी एसी वेटिंग रूम बनाया जाएगा। इस प्रतीक्षालय में सोफा, एसी, आरओ का ठंडा और गर्म पानी, स्मार्ट टीवी तथा समाचारपत्र की सुविधा मिलेगी। यात्रियों को इसके लिए 10 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क देना होगा। रेलवे प्रशासन ने इसका प्रस्ताव डीआरएम, लखनऊ को भेजा है और स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को यह सुविधा जल्द उपलब्ध हो।

अकबरपुर जिले का सबसे बड़ा और व्यस्त रेलवे स्टेशन है, जहां से हर दिन 33 जोड़ी ट्रेनें गुजरती हैं। सामान्य दिनों में भी सैकड़ों यात्री यहां से सफर करते हैं, जबकि त्योहारों के दौरान यात्री संख्या 1000 से 1500 तक पहुंच जाती है। ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को कई घंटे स्टेशन पर रुकना पड़ता है। सामान्य वेटिंग रूम होने के बावजूद जगह कम होने से यात्रियों को प्लेटफार्म पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है, जिससे गर्मी में धूप और सर्दी में ठंडी हवा से परेशानी होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वालों को अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि लग्जरी वेटिंग रूम बनने से लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी। यात्री एसी हाल में सोफे पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे, जबकि स्मार्ट टीवी पर ट्रेनों की जानकारी और मनोरंजन की सुविधा भी होगी। साथ ही आरओ का शुद्ध पानी और अखबार भी उपलब्ध रहेगा।

अयोध्या रेल मंडल के कमर्शियल इंस्पेक्टर विनोद यादव ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत अकबरपुर स्टेशन का लगातार विकास किया जा रहा है। प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, टिकट काउंटर और साफ-सफाई में सुधार के बाद अब यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और लग्जरी वेटिंग रूम इसी दिशा में एक और कदम होगा।