इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने एक अधिवक्ता द्वारा गूगल से डाउनलोड किए गए ऑनलाइन लेख के आधार पर दलील देने पर कड़ी नाराजगी जताई है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने कहा कि किसी अधिवक्ता का लिखा लेख कानून नहीं होता और न ही वह किसी न्यायालय, विशेषकर हाई कोर्ट, के लिए बाध्यकारी है। अदालत ने अपने ही मामले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देने पर भी अधिवक्ता को फटकार लगाते हुए इसे 'सेल्फ गोल' करार दिया। पीठ ने अदालतों में अधिवक्ताओं की पैरवी की गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए बार के सदस्यों से पूरी तैयारी के साथ अदालत आने और प्रासंगिक कानूनी प्रविधानों एवं न्यायिक निर्णयों का हवाला देने का अनुरोध किया। अदालत ने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से मिलने वाली कमजोर कानूनी सहायता न्याय देने की प्रक्रिया को तेज करने में बाधा उत्पन्न करती है।

मामला बीएनएसएस की धारा 173(4) के तहत एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने संबंधी अर्जी मजिस्ट्रेट द्वारा खारिज किए जाने के खिलाफ दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिका का था। याची का आरोप था कि उसने 35 लाख रुपये में अपनी अचल संपत्ति बेची थी, लेकिन खरीदार ने पूरी रकम का भुगतान नहीं किया। सुनवाई के दौरान याची के अधिवक्ता ने गूगल से डाउनलोड किए गए एक ऑनलाइन लेख का हवाला देते हुए कहा कि बकाया रकम की वसूली के लिए आपराधिक कार्यवाही की जा सकती है। अदालत ने पाया कि लेख केवल बिंदुवार टिप्पणियों के रूप में था और उसमें किसी वैधानिक प्रविधान अथवा सुप्रीम कोर्ट के किसी निर्णय का उल्लेख नहीं था। उसकी प्रति भी पढ़ने योग्य नहीं थी। पीठ ने कहा कि संबंधित वेबसाइट की जानकारी तक न होना और बिना कानूनी आधार के लेख पर भरोसा करना अधिवक्ता के गैर-पेशेवर रवैये को दर्शाता है। सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को गलत समझकर उद्धृत करने पर भी अदालत ने गहरी नाराजगी जताई।

अदालत ने 12 दिसंबर 2019 की बिक्री विलेख और 13 मार्च 2023 के संशोधन विलेख का परीक्षण किया। इनमें 29.15 लाख रुपये आरटीजीएस, पांच लाख रुपये चेक तथा शेष 85 हजार रुपये भी चेक से दिए जाने का उल्लेख था। पीठ ने कहा कि यदि 85 हजार रुपये का चेक बाउंस हुआ था तो याची को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत शिकायत दर्ज कराने का अधिकार था। मजिस्ट्रेट के आदेश में कोई अवैधता न पाते हुए अदालत ने पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी।

दूसरे मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि चुनिंदा लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग वाली जनहित याचिका को स्वीकार नहीं किया जा सकता। जब रिपोर्ट में पांच लोगों के अतिक्रमण का जिक्र है तो सिर्फ दो को निशाना बनाना याची के आचरण का दोष है। इस दोष को दूर किए बिना दोबारा दायर की गई याचिका भी विचार योग्य नहीं है। यह टिप्पणी करते हुए मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र की खंडपीठ ने डॉ. सुरेंद्र सिंह शाक्य की जनहित याचिका खारिज कर दी है। याचिका में फर्रुखाबाद के खरबंदी, अंदर शहर, परगना पहाड़ा, तहसील सदर स्थित गाटा संख्या 3517 पर प्रतिवादी संख्या 5 से 9 के अतिक्रमण को हटाने की मांग की गई थी। कोर्ट ने कहा कि याची ने पहले भी जनहित याचिका दायर की थी, जिसे तीन अप्रैल 2026 को खारिज कर दिया गया था। उस समय नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद की कार्रवाई के आधार वाली रिपोर्ट में पांच लोगों के अतिक्रमण का उल्लेख था, लेकिन याची ने सिर्फ दो लोगों को ही पक्षकार बनाया था। अब दूसरी याचिका में पांचों को पक्षकार तो बना दिया गया, लेकिन यह नहीं बताया गया कि पहली बार तीन लोगों को क्यों छोड़ा गया था, जबकि याचिका का आधार वही है। कोर्ट ने कहा कि पहली याचिका आचरण के दोष पर खारिज हुई थी, न कि पक्षकार न बनाने की तकनीकी कमी पर। इसलिए दूसरी याचिका भी नहीं चल सकती।

एक और मामले में हाई कोर्ट ने 'सोसाइटी ऑफ वॉयस ऑफ ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस' की मोबाइल टावरों के खिलाफ दाखिल जनहित याचिका वापस लेने के कारण निस्तारित कर दी है। हालांक