पुणे के हिंजवड़ी इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे और पिछले ढाई महीने से उनके बीच विवाद चल रहा था। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

पुणे के हिंजवड़ी स्थित आईटी हब इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान कोमल दहाले के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के वर्धा जिले की रहने वाली थी। आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी है। दोनों हिंजवड़ी की दो बड़ी आईटी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे और पेशे के दौरान ही उनकी जान-पहचान हुई थी।

पुणे के पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि दोनों पिछले साढ़े तीन साल से प्रेम संबंध में थे। हालांकि, पिछले दो से तीन महीनों से उनके बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार, रविवार रात दोनों एक होटल में डिनर करने गए थे और इसके बाद हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे वस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी लौट आए, जहां कोमल रह रही थी। रात करीब 12:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

पुलिस का कहना है कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे गुस्से में शुभम ने कोमल पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिसमें गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के करीब साढ़े तीन घंटे बाद सुबह 6:30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि कोमल की मौत कथित तौर पर उसके प्रेमी के हमले के कारण हुई है, जिसके बाद पुलिस ने शुभम को हिरासत में ले लिया। उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है और हिंजवड़ी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक बालाजी पांढरे जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।