गुरुग्राम के सेक्टर-69 और आसपास के इलाकों में एचएसवीपी की मुख्य वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त होने से रविवार को पानी की आपूर्ति प्रभावित रही और सड़कों पर जलभराव हो गया। लाइन कैसे और किस कारण क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है। पाइपलाइन से बहता पानी सड़कों पर जमा होने से आवागमन में भी बाधा पहुंची है।
स्थानीय निवासी इंजीनियर आरके जायसवाल के अनुसार सड़क पर जमा गंदा पानी देखकर लगता है जैसे बिना वर्षा के ही बाढ़ आ गई हो। निवासियों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में यह समस्या नई नहीं है; कभी किसी सोसायटी की वाटर सप्लाई लाइन तो कभी एचएसवीपी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। निवासियों का कहना है कि अधिकांश मामलों में टूटने के वास्तविक कारण सार्वजनिक नहीं किए जाते और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय नहीं होती।
सेक्टर-69 और आसपास की करीब 10 सोसायटियों के हजारों निवासियों तथा स्थानीय ग्रामीणों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और बार-बार होने वाली टूट-फूट रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने उचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की है, ताकि लोगों को पानी की किल्लत और जलभराव की दोहरी मार न झेलनी पड़े।
इंजीनियर आरके जायसवाल का कहना है कि केवल पाइपलाइन की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह पता लगाना भी जरूरी है कि लाइन बार-बार क्यों क्षतिग्रस्त हो रही है।
