गुरुग्राम के सेक्टर-37सी स्थित आशियारा अफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के आवंटियों ने रविवार को निर्माण कार्य की धीमी गति और फ्लैटों का कब्जा न मिलने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। रेणुका ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विकसित इस परियोजना में कुल 992 फ्लैट हैं, जिनमें पहले चरण के 716 और दूसरे चरण के 276 फ्लैट शामिल हैं।
आवंटियों का आरोप है कि 2018 में शुरू हुई परियोजना निर्धारित समयसीमा से काफी पीछे चल रही है। पहले चरण के कई आवंटी 2022 में ही फ्लैट की पूरी कीमत का भुगतान कर चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक घरों का कब्जा नहीं मिला है। परियोजना में पानी, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, बिजली, लिफ्ट और अन्य मूलभूत सुविधाओं का काम भी अधूरा पड़ा है।
आशियारा आवंटी एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतम कुमार मैती ने कहा कि 992 परिवारों ने अपनी मेहनत की कमाई बिल्डर को दे दी है। कई परिवार एक तरफ मकान की किस्त और दूसरी तरफ किराया देने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डर की ओर से बार-बार समयसीमा और आश्वासन दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर काम पूरा नहीं हुआ।
आवंटियों ने हरियाणा सरकार और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, परियोजना के निर्माण कार्य की निगरानी कराने और बिल्डर के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने परियोजना की धनराशि के इस्तेमाल की फॉरेंसिक जांच कराने और जल्द कब्जा दिलाने की भी मांग उठाई।
