केरल के कोच्चि की एर्नाकुलम मार्केट में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) के सामने नर्सरी में आग लगाने के आरोपी एबिन पॉल को सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की अदालत ने एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। पुथेनक्रुज के रहने वाले पॉल 27 नवंबर की शाम 5 बजे तक एनआईए की हिरासत में रहेंगे। बीते महीने इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए ने अदालत से पॉल की हिरासत मांगते हुए दलील दी कि आरोपी और उसके साथियों ने आगजनी की घटना को अंजाम देकर यहूदी समुदाय के बीच डर फैलाने की साजिश रची थी। एजेंसी का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने और साजिश में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।
एजेंसी ने अदालत को बताया कि पॉल ने एसआर और विक्रम सिंह नाम से टेलीग्राम अकाउंट चलाने वाले लोगों और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची थी। इसका मकसद देश की अखंडता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना और यहूदी समुदाय में दहशत फैलाना था। एजेंसी के मुताबिक, पॉल ने हैंडलर्स के निर्देश पर सिनेगॉग के सामने वाले गेट में आग लगाई, घटना का वीडियो बनाया और उसे टेलीग्राम के जरिए भेज दिया।
जांच एजेंसी का दावा है कि आगजनी की घटना के करीब दो घंटे बाद पॉल के कूकॉइन अकाउंट में एक निजी क्रिप्टो वॉलेट के जरिए पैसे भेजे गए थे। एनआईए के मुताबिक, आरोपी ने हैंडलर्स के कहने पर मुवाट्टुपुझा में अवासा प्रॉपर्टीज और माई कार्स में भी आगजनी की थी। एजेंसी इन घटनाओं के बीच आपसी संबंधों की जांच कर रही है। एनआईए के अनुसार, आरोपी और उसके संपर्क में रहे लोगों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन), एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग और निजी क्रिप्टो वॉलेट जैसे तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल किया।