गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत सोमवार को विद्यावती मुकुंद लाल गर्ल्स कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी आशुतोष उपाध्याय और राजेश्वर कुशवाहा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. रचना प्रसाद ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा विषय है। छात्राएं स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और समाज को भी जागरूक करें। रोड सेफ्टी क्लब प्रभारी डॉ. गुड़िया बानो ने युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने छात्राओं को हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों और सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु में वाहन चलाना अपराध है। ऐसा करने पर अभिभावक या वाहन स्वामी को तीन माह की जेल और 25 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही वाहन का पंजीकरण 12 माह के लिए निरस्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में एनएसएस और एनसीसी की छात्राओं के अलावा शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।