आज 18 नवंबर, बुधवार को आंवला नवमी यानी अक्षय नवमी का पर्व मनाया जा रहा है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर आंवले के पेड़ की पूजा और उसके नीचे बैठकर भोजन करने की परंपरा निभाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन ऐसा करने से भगवान विष्णु और भगवान शिव का आशीर्वाद मिलता है। माना जाता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी से पूर्णिमा तिथि तक भगवान विष्णु का निवास आंवले के पेड़ में होता है, इसलिए इस अवधि में सुबह-शाम आंवले के पेड़ के नीचे दीपदान करना शुभ माना गया है।
आंवला नवमी पर आंवले का दीपदान करने के लिए भारी सामग्री की जरूरत नहीं होती। आंवले को अच्छी तरह साफ करके चाकू से सावधानीपूर्वक बीच से खोखला करें और उसमें घी भरें। रूई की बाती घी में डुबोकर सभी दीपक पूजा की थाली में सजाएं। इसके बाद भगवान विष्णु के सामने ये दीपक जलाएं, फूल अर्पित करें और श्रद्धापूर्वक दीपदान करें। पूजा के दौरान भगवान विष्णु के मंत्र 'ऊं नमो भगवते वासुदेवाय' का जाप करना चाहिए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवले के दीपदान से जीवन में सुख-समृद्धि, आरोग्य और अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इस दिन आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास माना जाता है, इसलिए पेड़ की पूजा का विशेष महत्व है। आंवले का दान भी महादान के समान माना गया है। दीपदान सुबह पूजा के समय और संध्याकाल में किया जाता है। आंवले के पेड़ के नीचे, तुलसी के पास या बालकनी में शाम के समय दीपक जलाना शुभ माना गया है।
इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न माध्यमों, ज्योतिषियों, पंचांग, प्रवचनों, मान्यताओं, धर्मग्रंथों और दंतकथाओं से संग्रहित है। पाठकों से अनुरोध है कि इसे अंतिम सत्य या दावा न मानें और अपने विवेक का उपयोग करें।
