मुजफ्फरनगर में सांप्रदायिक दंगे के दौरान फुगाना गांव में एक मकान में तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में न्यायालय ने आठ आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट डॉ. विजय कुमार की अदालत में इस मुकदमे की सुनवाई लगभग 13 वर्ष तक चली। अभियोजन पक्ष मामले को साबित करने में विफल रहा और वादी समेत तीन गवाह न्यायालय में पक्षद्रोही हो गए।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, फुगाना निवासी नौशाद का आरोप था कि आठ सितंबर 2012 की रात करीब 9.15 बजे बिलेन्द्र जोगी, नीरज, विनोद, रोशन, संजा उर्फ संजय, श्रीनिवास, गुड्डू और सुभाष ने तलवार, तबल, बलकटी सहित धारदार हथियारों से उनके घर में लूटपाट की, मकान में तोड़फोड़ की और परिवार के लोगों पर हमला किया। आरोपियों पर मकान से जेवरात लूटने का भी आरोप था। मामले की विवेचना फुगाना थाने के तत्कालीन दारोगा सौराज सिंह ने की थी।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने वादी नौशाद, गांव के ही साबिर और वकील को गवाही के लिए पेश किया, लेकिन तीनों गवाह पक्षद्रोही हो गए। वादी नौशाद ने न्यायालय में बयान दिया कि वह आठ सितंबर 2013 की सुबह ही परिवार सहित गांव पट्टी धनौरा, बागपत में अपनी रिश्तेदारी में चला गया था, क्योंकि गांव में सात सितंबर 2013 से माहौल तनावपूर्ण था। उसने आरोपियों को घर में लूटपाट करते नहीं देखा। उसने यह भी कहा कि दो-चार दिन बाद लौटने पर दंगे की जानकारी मिली, जिसके बाद वह कैराना सरकारी शिविर में चला गया, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने उससे कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। तहरीर के बारे में उसने कहा कि उसे नहीं पता कि वह किसने टाइप कराई।

दूसरे गवाह साजिद ने बताया कि दंगे की सुगबुगाहट पर वह सुबह पांच-छह बजे परिवार सहित लोई कैंप चला गया था और वहां ही उसे घटना की जानकारी हुई; उसने घटना स्वयं नहीं देखी। गवाह साबिर ने भी कहा कि वह परिवार सहित लोई कैंप में था और आरोपियों को दंगा करते नहीं देखा। अभियोजन पक्ष के अनुसार, नंगला मंदौड़ की पंचायत के बाद पनपी रंजिश के बाद यह हमला किया गया था। मंगलवार को न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में सभी आठ आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया।