सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग इवेंट में राहुल गांधी ने पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि अब वह गर्लफ्रेंड कहां है, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वह दोस्त हैं। इवेंट के बाद X पर एक पोस्ट में राहुल ने बताया कि इस दौरान बचपन से अब तक की कई यादें ताजा हो गईं।

कार्यक्रम में राहुल ने अपने माता-पिता राजीव और सोनिया के रिश्ते पर बात की। उन्होंने बताया कि कई सालों बाद जब वह कैंब्रिज में थे, तो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी वर्सिटी रेस्टोरेंट में बैठे, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। वेटर ने बताया कि वह उनके माता-पिता को जानता है। राहुल ने बताया कि वेटर ने मेन्यू में ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी, जिसके बाद उन्होंने कहा कि अगर प्यार में पड़ना है तो वर्सिटी रेस्टोरेंट जाइए, लेकिन वहां ‘चिकन चैसर’ मत खाइए। सोनिया की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा कि उन्हें शायद याद है कि खाना बहुत ही खराब था।

राहुल ने कहा कि उनके परिवार ने जिंदगी के दो महत्वपूर्ण सहारे खोए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र किया। राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल ने कहा कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ है, क्योंकि उनकी मां अपने पति से जुड़ी थीं और उनके पिता उनसे जुड़े थे। उन्होंने कहा कि पिता के जाने के बाद सोनिया ने एक दूसरी यात्रा शुरू की और एक नई मां सामने आई।

राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले थे। उन्होंने कहा कि एक बेटे के रूप में उन्हें लगा कि अपनी मां की थोड़ी झलक लोगों के सामने रखनी चाहिए। हार्परकॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन के अनुसार, 10 नवंबर को लॉन्च हुई इस किताब की एक हफ्ते से भी कम समय में दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। उन्होंने बताया कि रिलीज के दिन 10 मिनट से भी कम समय में 15,000 से ज्यादा कॉपियां डिलीवर की गईं।