अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में एक परिवार में आयोजित भात की दावत के बाद 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। शाम करीब सात बजे मेहमानों ने भोजन किया था, जिसके बाद आधी रात से लोगों में उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बीमार लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि दावत में संभल जिले के बेला दुगावर गांव से भी बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान पहुंचे थे। मेहमानों के लिए पनीर, आलू, पूड़ी, उड़द और रायता समेत कई व्यंजन तैयार किए गए थे। फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने वालों में करीब 25 लोग शेरगढ़ और लगभग 30 लोग बेला दुगावर गांव के बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद दावत में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों की पड़ताल शुरू हो गई है। शुरुआती शक संभल के गवां कस्बे से खरीदे गए पनीर पर जताया जा रहा है। पनीर विक्रेता के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है। खाद्य विभाग की टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद्य विभाग की रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि पनीर की गुणवत्ता खराब थी या भोजन में किसी अन्य वजह से संक्रमण फैला। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
