गाजियाबाद में विद्युत निगम ने बिजली चोरी के मामलों में जुर्माना नहीं जमा करने वाले करीब 25 हजार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। इनमें से करीब 20 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्हें बीते छह माह में तीसरी बार नोटिस भेजा गया है। उन्हें बकाया राशि जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में जुर्माना जमा न करने पर उनके घरों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

विद्युत निगम बिजली चोरी करने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करता है, लेकिन कई उपभोक्ता जुर्माने की राशि जमा नहीं करते। अब मुख्यालय के आदेश पर राजस्व वसूली की जा रही है। बकायेदारों, नेवर पेड उपभोक्ताओं और बिजली चोरों से अधिक से अधिक राजस्व वसूलने पर जोर दिया जा रहा है।

विद्युत निगम के जोन-एक, दो और तीन में बिजली चोरों पर जुर्माने का करीब 150 करोड़ रुपये बकाया है। अकेले जोन-दो में करीब 12 हजार बिजली चोरों पर 70 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है। जोन-दो में ग्रामीण क्षेत्र अधिक होने के कारण वहां बिजली चोरी भी अधिक होती है। जोन-दो में 4125 से अधिक ऐसे मामले हैं, जिन पर एक लाख रुपये से अधिक जुर्माना बकाया है। इनमें ज्यादातर पर चार से पांच वर्ष पहले जुर्माना लगाया गया था, लेकिन कई नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं की गई।

मुख्य अभियंता नरेश भारती के अनुसार, नोटिस के बाद भी जुर्माना नहीं जमा करने वालों के कनेक्शन काटने की तैयारी की गई है और हर जोन में यह अभियान चलाया जाएगा।