हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के बिझड़ी स्थित ताल स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में वृंदावन से पहुंचीं आठ वर्षीय बाल व्यास कृष्णा किशोरी अपनी मधुर वाणी और भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। कथा के पांचवें दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे और पूरा स्टेडियम भक्तिमय माहौल में नजर आया।

बाल व्यास कृष्णा किशोरी ने श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सदाचार और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया। महज आठ वर्ष की आयु में उनके द्वारा भागवत कथा का वाचन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। कथा के दौरान पंडाल में श्रद्धालु भजन-कीर्तन और प्रभु भक्ति में लीन नजर आए।

कथा में पूर्व विधायक मनजीत सिंह, पूर्व पार्षद एवं बड़सर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल की पत्नी ऊषा लखनपाल, जिला परिषद सदस्य रेणु बाला, बाल व्यास कृष्णा किशोरी के माता-पिता तथा बड़सर तहसीलदार नरेश पटियाल सहित कई गणमान्य लोगों ने विशेष रूप से उपस्थित होकर कथा का श्रवण किया।

कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से आयोजन में धार्मिक उत्साह बना हुआ है।