दरभंगा में रविवार को गांजा तस्करी के आरोप में सुपौल मंडल कारा में बंद एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के फलहा निवासी स्व. महंत यादव के पुत्र फुलेन यादव (53) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से गांजा तस्करी के आरोप में जेल में बंद था। फुलेन यादव की मौत पर घरवालों ने व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
मृतक के घरवालों के अनुसार, जेल में बंद फुलेन यादव की तबीयत लंबे समय से खराब रह रही थी। इसको लेकर बीते दिनों न्यायालय में पेशी के दौरान जमानत देने की अर्जी भी दी गई थी, लेकिन दरभंगा कोर्ट से उसे जमानत नहीं मिल सकी थी।
बताया जाता है कि शनिवार की रात जेल में बंद फुलेन यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनके पैर और पेट में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद उसे आनन-फानन में सुपौल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दरभंगा के लिए रेफर कर दिया। यहां डीएमसीएच में फुलेन यादव को पुलिस ने भर्ती कराया था। डीएमसीएच में इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद स्वजन में मातम पसरा है। मृतक के समधी बिलेचन यादव ने इस पूरे मामले में व्यवस्था पर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब फुलेन की तबीयत लगातार खराब रह रही थी और जमानत के लिए न्यायालय में अर्जी भी दी गई थी, तो उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर समुचित पहल क्यों नहीं की गई? फिलहाल डीएमसीएच में शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
