जयपुर। राजस्थान मूल की आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई सिक्किम में तैनात हैं और वहां की चर्चित अधिकारियों में मानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अपनी बेटी के साथ ऑफिस की एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में वह अपनी बेटी को ऑफिस की टेबल पर बिठाकर कलेक्ट्रेट में अपना काम निपटाती हुई दिखाई दे रही हैं। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रही है और यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
तस्वीर के साथ परी बिश्नोई ने कैप्शन लिखा, "कभी-कभी तो दोनों दुनियाएं एक ही फ्रेम में समा जाती हैं।" एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि मां और बेटी दोनों काम एक साथ कर रही हैं।
बता दें कि आईएएस परी बिश्नोई का जन्म राजस्थान के बीकानेर जिले में हुआ। उन्होंने 2019 में यूपीएससी परीक्षा पास की और वह सिक्किम कैडर की 2020 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह पाक्योंग में जिला कलेक्टर के पद पर तैनात हैं। उनका विवाह हरियाणा के पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई के साथ हुआ है।
बीते दिनों हरियाणा में राजस्थानी शैली में बनाए गए उनके नवनिर्मित भवन की भी काफी चर्चा हुई थी, जिसमें राजस्थानी स्थापत्य कला की झलक देखने को मिली।
