कासगंज में 11 दिसंबर से 107 साल पुराना शिवराज पशु मेला शुरू होगा, जो करीब 15 दिन तक चलेगा। मेला संचालक राव मुकुल मान सिंह के अनुसार इस मेले की शुरुआत साल 1919 में राजा शिवराज सिंह ने कराई थी और तभी से यह उनके नाम पर आयोजित होता आ रहा है। मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब और बिहार से पशु व्यापारी पहुंचेंगे। मेले में अच्छी नस्ल के घोड़े-घोड़ियों की खरीद-फरोख्त मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। व्यापारी घोड़े, घोड़ी, ऊंट, बैल समेत अन्य पशुओं को लेकर आते हैं।

खरीदारों में पशुपालन के शौकीन लोगों के साथ व्यावसायिक उपयोग करने वाले, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग और पुलिस विभाग में प्रशिक्षण व अन्य उपयोग के लिए घोड़ों की खरीदारी करने वाले लोग भी शामिल होते हैं।

15 दिन तक चलने वाले इस आयोजन से पशु व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय दुकानदारों, खानपान विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के अवसर मिलते हैं। मेले की ऐतिहासिक पहचान के चलते आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसके शुरू होने का इंतजार रहता है।