असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास कथित मवेशी तस्करों का पीछा करते समय लापता हुए बीएसएफ जवान का शव बुधवार सुबह कुशियारा नदी से बरामद किया गया। कटिगोराह स्थित हरि नगर बार्डर आउटपोस्ट पर तैनात कांस्टेबल के. वेणु सोमवार को लापता हो गए थे, जब उन्होंने और उनके एक साथी ने बराक नदी में छलांग लगाकर उन संदिग्ध तस्करों को पकड़ने की कोशिश की थी, जो कथित तौर पर बचने के लिए पानी में उतर गए थे।

बीएसएफ मिजोरम और कछार फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक अहसान शहीदी ने शव मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वेणु का शव सुबह 8:20 बजे श्रीभूमि जिले में स्टीमरघाट के पास नदी के बहाव के साथ बहकर आया, जहां से उसे निकाला गया। शहीदी के अनुसार, शव पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है।

इस बीच, असम के डिब्रूगढ़ में बुधवार तड़के एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में गिरफ्तार दो आरोपितों को तब गोली मार दी गई, जब वे क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर भागने की कोशिश कर रहे थे। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाथापाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें आयल इंडिया लिमिटेड के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान में एक परिवार के तीन सदस्यों के शव उनके घर पर मिलने के एक दिन बाद इन दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया था कि हत्या में इस्तेमाल हथियार (एक हथौड़ा) उन्होंने तिनसुकिया के रास्ते में बालीजन टी एस्टेट के पास छिपा दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को उस जगह पर ले जाने का फैसला किया। अधिकारी के अनुसार, रास्ते में दोनों ने पुलिस पर हावी होने और भागने के लिए उनके हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई हाथापाई में पुलिसकर्मियों ने गोली चला दी, जो दोनों आरोपियों के पैरों में लगी। आरोपितों को तेंगाखत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।