बड़वानी जिले में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश के दौरान गोलीबारी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तीन शूटर और हथियार सप्लाई करने वाला एक आरोपी शामिल है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने निजी शौक और खर्च पूरे करने के लिए लूट की योजना बनाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आछली गांव निवासी साईं सिंह सोलंकी, शिवराज बर्डे और अजय सेनानी के रूप में हुई है। चौथा आरोपी नीलेश सेनानी वरला थाना क्षेत्र के राजनगांव का रहने वाला है, जिस पर दोनों देसी पिस्तौल उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

घटना 20 नवंबर की है। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में एबी रोड पर ग्राम गवाड़ी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर तीन युवक मोटरसाइकिल से लूट के इरादे से पहुंचे थे। एसपी के अनुसार आरोपी पंप से परिचित थे और घटना से दो दिन पहले रेकी कर योजना बनाई थी। वारदात वाले दिन चेहरे ढंककर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बहाने पहुंचे। बाहर मौजूद कर्मचारी को ढंके चेहरों पर शक हुआ और उसने साथी को सतर्क कर केबिन का दरवाजा बंद करने को कहा। दरवाजा बंद होते ही आरोपियों ने एक फायर हवा में और दूसरा केबिन के दरवाजे पर किया और बिना कुछ लूटे भाग निकले।

अपर पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे की निगरानी में तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों पर नजर, पूर्व अपराधियों के रिकॉर्ड और साइबर तकनीकी मदद से आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों पिस्तौल नीलेश से खरीदने की बात बताई, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। नीलेश ने हथियार किसी अज्ञात व्यक्ति से हासिल करने की बात कही है। पुलिस सप्लायर और अन्य संभावित साथियों की तलाश कर रही है। बिजासन पुलिस चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी एक होटल में मौज-मस्ती करते देखे गए थे। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि जांच में पंप पर सुरक्षा संबंधी खामियां मिली हैं, पंप प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है और संबंधित ईंधन कंपनी व जिला कलेक्टर को भी जानकारी दी गई है।