संतकबीरनगर के बखिरा झील में प्रवासी पक्षियों के शिकार को रोकने के लिए वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को डीएफओ हरिकेश यादव ने अयोध्या से आए नाविकों और बाहरी टीम के साथ झील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पक्षियों की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और शिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएफओ ने झील में सादी वर्दी में निगरानी रखने पर जोर दिया, ताकि शिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने चार अलग-अलग टीमों का गठन कर प्रत्येक टीम को छह-छह घंटे झील में गश्त करने का निर्देश दिया। टीमों को झील के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया है।

डीएफओ हरिकेश यादव ने कहा कि बखिरा झील में पक्षियों का शिकार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकारियों के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई होगी और कोई भी शिकारी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों से भी अपील की कि पक्षियों के संरक्षण में वन विभाग का सहयोग करें और शिकार या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें।

इस मौके पर रेंजर प्रिति पांडे, दिलीप तिवारी, जुगेश, बन रक्षक व बन दरोगा मौजूद रहे।