लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में शुक्रवार को 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ हुआ। खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा। ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ थीम पर आयोजित महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं, जिनमें खादी वस्त्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार विविध ग्रामोद्योग उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर तथा बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी उपस्थित रहे।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का विचार है। उन्होंने कहा कि सरकार खादी को नई पीढ़ी की पसंद बनाने और इससे जुड़े बुनकरों, कारीगरों तथा ग्रामीण उद्यमियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, खादी आज 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन के साथ आधुनिक डिजाइन और आकर्षक परिधानों के रूप में उपलब्ध है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ संकल्प ने 2014 के बाद खादी को नई पहचान दी है।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत विगत पांच वर्षों में ₹2,544.35 करोड़ का ऋण वितरित किया गया है। इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुई हैं और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के 27,508 स्टॉलों के जरिए उद्यमियों ने ₹161.54 करोड़ से अधिक की बिक्री की है। गांधी जयंती से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत विशेष छूट दी जा रही है।

कार्यक्रम में मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराने, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के पांच संकल्प दिलाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से 6 दिसंबर तक चलने वाले महोत्सव में आकर कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदने की अपील की।