डोडा जिले के गंडोह के पास स्थित लड्डू कंसार गांव को पहली बार सड़क मार्ग से जोड़ा गया है। पूर्व कमिश्नर सेक्रेटरी शेख महबूब इकबाल ने इस सड़क का उद्घाटन किया। इससे स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और गांव में खुशी का माहौल है।
पक्की सड़क बनने से स्थानीय किसानों और निवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तक पहुंचने तथा अपने कृषि उत्पादों को मंडी तक ले जाने में आसानी होगी। गांव बाच मीडो के करीब स्थित है और अपने हरे-भरे शंकुधारी जंगलों, ऊंचे पहाड़ी चरागाहों और ट्रेकिंग ट्रेल्स के लिए जाना जाता है। सड़क मार्ग से जुड़ने से यहां व्यापार और पर्यटन की सुविधा भी बढ़ेगी।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में स्थित गंडोह और इसके आसपास का पर्वतीय क्षेत्र प्राचीन काल से नागवंशी परंपरा और नाग शासकों का प्रमुख केंद्र रहा है। गंडोह, भद्रवाह और आसपास की पहाड़ियों में आज भी नाग संस्कृति के अवशेष मिलते हैं। यहां वासुकी नाग, शेषनाग, सुबर नाग और कई अन्य स्थानीय नाग देवताओं के प्राचीन मंदिर हैं। लड्डू कंसार गांव का इतिहास भी नागवंशीय शासकों की यादों से जुड़ा है।
इस क्षेत्र में सदियों से चली आ रही कैलाश यात्रा और मेला पट्ट जैसी ऐतिहासिक परंपराएं इस बात का प्रमाण हैं कि यहां की शासन व्यवस्था और लोक-संस्कृति पर नागवंशीय परंपरा की गहरी छाप रही है।
