थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ‘सुवर्णभूमि’ कहलाता है, जिसका अंग्रेजी अनुवाद ‘गोल्डन लैंड’ होता है। यह दक्षिण-पूर्वी एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में से एक है और इसे साल 2006 में औपचारिक रूप से यह नाम दिया गया था। बताया जाता है कि यह नाम थाईलैंड के चक्री राजवंश के नौवें राजा भूमिबोल अतुल्यतेज ने दिया था। कहा जाता है कि नामकरण में राजा के नाम का पहला शब्द और अपने राज्य को ‘गोल्डन लैंड’ बनाने के उनके सपने की भूमिका रही। दूसरी वजह बौद्ध धर्म और दक्षिण एशिया के प्राचीन ग्रंथों से जुड़ी मानी जाती है, जिनमें भारत के पूर्व में स्थित देशों को सुवर्णभूमि कहा गया है; इनमें थाईलैंड, म्यांमार और कंबोडिया जैसे देश शामिल हैं।

थाईलैंड में बौद्ध धर्म प्रमुख है, लेकिन यहां की संस्कृति पर हिंदू धर्म का गहरा प्रभाव माना जाता है। इसी का उदाहरण हवाई अड्डे के टर्मिनल के बीचोंबीच बनी विशाल मूर्ति है, जो समुद्रमंथन की कहानी दर्शाती है और जिसमें देवता तथा असुर क्षीरसागर का मंथन करते नजर आते हैं। इसके अलावा परिसर में भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ की मूर्ति भी है। हिंदू धर्म में गरुड़ का जो विशेष स्थान है, वही महत्व थाईलैंड में भी है, क्योंकि गरुड़ उर्फ ‘फ्रा ख्रुत फा’ इस देश का राष्ट्रीय प्रतीक है।

कहा जाता है कि पहली सहस्राब्दी ईस्वी में भारत से कई व्यापारी थाईलैंड गए थे और अपने साथ संस्कृत भाषा, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तथा रीति-रिवाज ले गए। इस तरह वहां हिंदू धर्म का प्रचार-प्रसार हुआ। इसी क्रम में आज बैंकॉक के बीच में ब्रह्मा जी को समर्पित एरावन मंदिर है, और भगवान विष्णु, भगवान शिव तथा भगवान गणेश से भी लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।