सर्दियों के मौसम में सिंघाड़ा बाजारों में उपलब्ध है और इसे सर्दियों का सुपरफूड कहा जाता है। महोबा में कस्बा बेलाताल के बेलासागर के साथ ही शहर के कीरतसागर और मदनसागर में करीब 500 हेक्टेयर में सिंघाड़े की खेती होती है। लगभग 1000 किसान इससे मुनाफा कमाते हैं। तालाबों से निकला ताजा सिंघाड़ा शहर और आसपास के बाजारों में भी पहुंच रहा है। वर्तमान में यह 70-80 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा है।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. योगेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि कच्चा सिंघाड़ा शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसमें करीब 74 से 80 प्रतिशत पानी होता है, जो एसिडिटी और जलन में राहत देता है। पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने और दिल की सेहत सुधारने में सहायक हैं। फाइबर अधिक होने से यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है। उबला सिंघाड़ा पाचन के लिए और भी हल्का माना जाता है। इससे अपच, गैस, ब्लोटिंग और कब्ज में आराम मिलता है। भोजन से पहले खाने पर भूख शांत रहती है, जिससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स इम्यूनिटी और त्वचा की सेहत को भी सहारा देते हैं। हालांकि सिंघाड़ा पानी में उगता है, इसलिए कच्चा खाने से पहले इसे अच्छी तरह धोकर और छीलकर ही खाएं।
आसपास के जिलों में भी सिंघाड़े की खेती होती है। फतेहपुर में 700 हेक्टेयर में 900 किसान, उन्नाव में 500 हेक्टेयर में 650, जालौन में 250 हेक्टेयर में 210, फर्रुखाबाद में 300 हेक्टेयर में 250, हमीरपुर में करीब 150 किसान 40 हेक्टेयर में, बांदा में 24 हेक्टेयर में करीब 40 किसान और कानपुर देहात में 40 हेक्टेयर में 15 किसान सिंघाड़ा उगा रहे हैं। औरैया में सिंघाड़े की खेती नहीं होती। इटावा में 625 तालाबों का पट्टा है, जिनमें 350 तालाबों में मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती होती है।
वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक महोबा राजेश कुमार ने बताया कि हर साल इसका रकबा घटता बढ़ता रहता है। कुछ किसान निजी भूमि में भी खेती करते हैं। 10 दिसंबर से नवीन पट्टे जारी किए जाएंगे। यहां सिंघाड़ा के साथ किसान मछली पालन भी करते हैं।
