शुक्रवार को शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 989 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। इसके बावजूद कुछ शेयरों में जोरदार तेजी दर्ज की गई और कई शेयर अपर सर्किट तक पहुंच गए। इन्हीं में महाराष्ट्र के नासिक स्थित पेनी स्टॉक त्रिवेणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड भी शामिल है, जो 20 फीसदी के अपर सर्किट के साथ बंद हुआ। कंपनी का शेयर एक रुपये से भी कम कीमत पर कारोबार कर रहा है।
गुरुवार को त्रिवेणी एंटरप्राइजेज का शेयर 72 पैसे पर बंद हुआ था। शुक्रवार को यह 76 पैसे पर खुला और दिनभर की तेजी के बाद 86 पैसे पर बंद हुआ। इस तरह एक ही दिन में निवेशकों को प्रति शेयर 14 पैसे का फायदा हुआ।
हालांकि, लंबी अवधि में यह शेयर निवेशकों के लिए फायदेमंद नहीं रहा है। पिछले एक महीने में इसमें 7 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है, जबकि छह महीने में यह 16 फीसदी से ज्यादा गिरा है। एक जनवरी 2026 से अब तक इसमें 38 फीसदी और पिछले एक साल में 41 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। पांच साल के रिटर्न की बात करें तो शेयर करीब 90 फीसदी टूट चुका है।
कंपनी की स्थापना 21 दिसंबर 1984 को हुई थी और यह मुख्य रूप से कपड़ों व अन्य सामान की ट्रेडिंग तथा टेलीकम्युनिकेशन उपकरणों के वितरण का काम करती है। त्रिवेणी एंटरप्राइजेज के अलावा Waaree Renewable Technologies, Jupiter Life Line Hospitals, Goyal Aluminiums, Rajkamal Synthetics और Solarworld Energy Solutions जैसे शेयरों में भी 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा।
डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें, क्योंकि शेयर बाजार की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं।
