हर साल नवंबर के आखिरी हफ्ते में ब्लैक फ्राइडे सेल शुरू होते ही शॉपिंग ऐप्स और मार्केट में 50 से 80 प्रतिशत तक छूट के ऑफर आ जाते हैं। फ्लैश सेल और 'सिर्फ कुछ घंटे बाकी हैं' जैसे नोटिफिकेशन ग्राहकों को खरीदारी के लिए उकसाते हैं। हालांकि, इस बार सोशल मीडिया पर एक अलग ही तस्वीर दिख रही है। कंपनियां सामान बेचने के लिए जी-जान लगा रही हैं, वहीं Gen-Z के बीच 'नो-बाय चैलेंज' तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
इस चैलेंज का मतलब यह नहीं है कि कुछ भी खरीदना बंद कर दिया जाए। इसके तहत युवा एक तय समय के लिए सिर्फ जरूरी चीजों पर पैसा खर्च करते हैं। राशन, रेंट, ट्रैवल या रोज की चाय-कॉफी पर कोई रोक नहीं है, लेकिन पहले से अलमारी में पड़े कपड़ों के बावजूद नई हुडी खरीदने या सिर्फ अच्छा दिखने की सोच से रूम डेकोर का सामान ऑर्डर करने पर ब्रेक लगा दिया जाता है।
Gen-Z के इस रुख के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। पहली वजह जेब का हाल और यूपीआई का इस्तेमाल है। एक क्लिक या क्यूआर कोड स्कैन करते ही पैसे अकाउंट से निकल जाते हैं और महीने के मध्य में बैंक बैलेंस डराने लगता है। युवा अब समझ चुके हैं कि महंगाई के दौर में शो-ऑफ से बेहतर पैसों पर कंट्रोल रखना है। दूसरी वजह यह है कि इंटरनेट के दौर में युवा मार्केटिंग के झांसे को पहचानने लगे हैं। उन्हें दिखता है कि कई ब्रांड्स सेल से पहले दाम बढ़ा देते हैं और फिर वही पुराना रेट भारी डिस्काउंट के नाम पर पेश करते हैं।
इसके अलावा देर रात की बोरियत वाली शॉपिंग से भी युवा ऊब चुके हैं। कुछ समय पहले तक शॉपिंग बैग्स के साथ 'हॉल वीडियो' बनाना ट्रेंड था, लेकिन अब हवा का रुख बदल गया है। तनाव या बोरियत में ऑर्डर किया गया सामान दो दिन की खुशी के बाद पछतावा और कमरे में फालतू सामान का ढेर छोड़ जाता है। इसीलिए 'कम सामान, ज्यादा सुकून' वाली वाइब इंटरनेट पर छाई हुई है। माना जा रहा है कि 'नो-बाय चैलेंज' कंजूसी नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर जीने का नया अंदाज है।
