एक टीनएज लड़की की गुल्लक में जमा पैसे चूहों ने कुतर दिए, जिसके बाद बची सिर्फ नोटों की कतरन। रितिका कुशवाहा के इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट एक वीडियो में लड़की को फूट-फूट कर रोते हुए देखा जा सकता है। वीडियो की शुरुआत में एक बच्ची अपनी बड़ी बहन की ओर इशारा करते हुए कहती है कि देखो मेरी दीदी रो रही है। सामने बैठी टीनएज लड़की रो रही है और बगल में कुतरे हुए नोट पड़े हैं। लड़की नोटों की कतरन दिखाते हुए कहती है कि देखिए चूहों ने कुतर दिए हैं। वीडियो में छोटे चूहे भी नजर आते हैं। पैसे सेठ जी के आकार वाली गुल्लक में रखे गए थे, जिसमें छेद करके चूहे अंदर घुस गए थे।

वीडियो में लड़की को बिलख कर रोते देख इंस्टाग्राम यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में मदद का वादा किया है। यूजर्स लड़की से न रोने की बात कह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि कितने थे बताओ, मैं पेटीएम करता हूं। एक अन्य यूजर ने लिखा है कि मुझे क्यूआर भेजो। ऐसे कई कमेंट देखने के बाद परिवार ने क्यूआर भी पोस्ट कर दिया है, जो उनके प्रोफाइल पर मिल जाएगा।

चूहों ने नोट किस हद तक कुतरे थे, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बैंक ने भी इन नोटों को लेने से इनकार कर दिया है। परिवार ने वीडियो में यह बात बताई है।